ये जुड़े हुए सेवैये होते हैं, जहाँ एक अकेला अधूरा रह जाता है और पूरी बात अगले सेवैये से ही पूरी होती है। इन दो पदों में फूलों द्वारा श्रृंगार किया है। एक ओर तो श्यामसुन्दर ने राधाजी का अद्भुत श्रृंगार किया है। तो दूसरी और राधा जी ने श्यामसुंदर को सजाया है फूलों से।  

सारी सँवारी है सोनजुही की, चमेली की ताप लगाई किनारी।

श्यामसुंदर ने साड़ी पर सोनजुही के पीले-पीले फूल लगाकर उसकी किनारी पर चमेली के फूल ताप कर लगा दिए हैं, चिपका दिए हैं।

पंकज के दल को लहँगा, अंगिया गुलबस की शोभित न्यारी।

लहँगे पर कमल के सुंदर फूल लाद दिए हैं और ऊपर की अंगिया गुलबस के सुंदर सजीले रंग-बिरंगे फूलों से शोभित हो रही है।

बेला को हार, हमेल गुलाब की, चम्पा की बेंदी ले भाल सँवारी।

बेला (मोगरे) की माला पहनाई है और सिर की पट्टी (हमेल) गुलाब के फूलों से बनाई है। और चम्पा के फूल से मांगटीका बनाया है।

फूलन आज विचित्र बनी छवि, देखो कैसी सृंगारी है प्यारे ने प्यारी॥

इस प्रकार फूलों से ही आज राधे जू का श्रृंगार कर विचित्र और अद्भुत छवि श्यामसुंदर ने बनाई है। देखो तो सही कैसा प्यारी जू का श्रृंगार श्यामसुंदर प्यारे को प्यारा है।

यहाँ सबसे पहले वस्त्राभूषण समझते हैं –

साड़ी या चूनर – लाल वाला जो ऊपर से पहना है। 

लहंगा – घेरदार जो नीला-गुलाबी है

अंगिया – ऊपर का वस्त्र, सफेद वाल

हार – माला

हमेल – शीशपट्टी

बेंदी – मांगटीका

अब फूल समझते हैं –

सोनजुही – पीले रंग का जूही से भी ज्यादा सुगंधित बड़ा फूल। इसे सोन चम्पा भी कहते हैं।

चमेली – बहुत ही कोमल, पर बहुत सुगंधित। इसीलिए उसे तपा कर ( दबा कर, प्रेस कर) साड़ी की किनारी पर लगाया गया है। सो पीली साड़ी पर सफेद किनारी।

पंकज – कमल

गुलबस – रंग बिरंगे 5 पंखुरी वाले फूल

बेला – मोगरा


सोनजुही की गुही पगिया, अरु चमेली को गुच्छो लटक रह्यो न्यारो।

सोनजुही को अच्छी तरह गूँथ कर (गुही) सिर पर पगड़ी (पगिया) में लगाया है जिससे चमेली के गुच्छे लटक रहे हैं जो बहुत प्यारे लग रहे हैं।

द्वै दल फूल कदम्ब के कुण्डल, सेवंती को जामो है घूम घुमारो।

दौनों (द्वै) कानों में कदंब के गोल फूलों के कुंडल शोभायमान हो रहे हैं। सेवंती (गुलदाउदी) के फूलों का जामा (कुर्ता) है जो घेरदार होने से इधर-उधर लहरा रहा है (घूम घुमारो)।

नव तुलसी पटुका घनस्याम लसै, गुलाब इजार नवेरी कोनारो।

नवीन श्यामा तुलसीदल का पटुका जो श्यामा तुलसी के कारण घनश्याम वर्ण का है, खिल रहा है और पायजामा (इजार) गुलाब के फूलों का है। और नेवरी (पायल के ऊपर का आभूषण) कोनार (कचनार) के फूलों का है।

फूलन आज विचित्र बन्यो, देखो कैसो सृंगार है प्यारी ने प्यारो॥

इस प्रकार प्यारी जू द्वारा लगाए फूल प्यारी जू का हाथ लगने से या श्यामसुन्दर द्वारा धारण करने के कारण आज अतिविचित्र लग रहे हैं, देखो कैसा श्रृंगार है जो प्यारी जू को प्यारा है।।

यहाँ सबसे पहले वस्त्राभूषण समझते हैं –

पगिया – पगड़ी 

कुण्डल – कानों में पहने जाने वाले लटकने वाले झुमके

जामा – ऊपर का वस्त्र, कुर्ता

पटुका – कुर्ते के ऊपर कन्धे पर डला अंगवस्त्र जो हाथ में लपेट कर संभाला जाता है (पटका)

इजार – पायजामा

नेवरी – पायल के ऊपर का आभूषण

अब फूल समझते हैं –

सोनजुही – पीले रंग का जूही से भी ज्यादा सुगंधित बड़ा फूल। इसे सोन चम्पा भी कहते हैं।

चमेली – बहुत ही कोमल, पर बहुत सुगंधित।

कदम्ब – कृष्ण जी का प्रिय वृक्ष जिसके गोल गोल पीले रंग के फूल होते हैं, जो बाद में भूरे पड़ जाते हैं।

सेवंती – गुलदाउदी

कोनार – कचनार

Lord Radha Krishna Shringar

0
प्रतिक्रियाएँ

प्रतिक्रिया दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

नवीन रचनाएँ