स्वामी हरिकृष्णानंद सरस्वती जी का यह पद राधा और कृष्ण के मिलन के दर्शन की अपूर्व झाँकी प्रस्तुत करता है और अपने अधिकांश पदों के समान इसमें भी उन्होंने अपने उपनाम ‘हरेकृष्ण’ की छाप लगाई है।
हरि-राधा खड़े गलबैयाँ दिए, मिली चन्द्रिका चारु किरीट से बाँकी,
अपूर्व सौन्दर्य के स्वामी साक्षात् साकार रूप परब्रह्म श्री हरि और उनकी आह्लादिनी शक्ति श्री राधा जी गले में बाँह डाले खड़े हैं और राधा जी की चंद्रिका भी मानो श्री कृष्ण के सुन्दर (चारु) मुकुट (किरीट) से मिलन को लालायित हो। सो अपनी चंचलता (बाँकी) से वो भी श्री कृष्ण के सुन्दर मुकुट की ओर तिरछी (बाँकी) झुक गई है और श्याम सुंदर के मुकुट (किरीट) से मिल गई है।
हरेकृष्ण अपूर्व छटा छिटकी, रतिनायक से न गई छवि आँकी।
स्वामी हरिकृष्णानंद सरस्वती जी (हरेकृष्ण) कहते हैं कि वे इतने अद्भुत लग रहे हैं कि मानो ऐसी छवि पहले कभी देखी ही नहीं हो। उनकी यह अपूर्व बनी/दिखी (छिटकी) छटा इतनी अधिक मनोहर है कि रतिनायक कामदेव से भी इसकी तुलना किसी अन्य से नहीं हो सकी (तो हमारी तो बिसात ही क्या कि हम इस छवि के लिए कोई उपमा दे पाएं)।
श्रुति में ‘रसो वै सः’ जिसे कहते, वह जानि पड़ी प्रतिमूर्ति इहाँ की,
फिर भी बस इतना ही कहा जा सकता है कि वेदों में जिस सच्चिदानन्द परमब्रह्म का वर्णन है, उसे देखने का/ अनुभूत करने का जो परमानंद है, ‘वह रस’ निश्चय ही यही है। उसी की प्रतिमूर्ति (उसी के समान रस) यहाँ इस समय इस छवि को अनुभूत करने में है।
नर जीवन धन्य वही जिसने निरखी ब्रज में ब्रजराज की झाँकी॥
और उन लोगों का जीवन धन्य है जिन्होंने ब्रज में ब्रजराज की ऐसी झाँकी देखी (निरखी)।
- गलबैयाँ = गले में बाँह डाले खड़े
- चन्द्रिका = सिर पर पहनने का एक आभूषण जो मुकुट के आगे वाले भाग जैसा होता है
- चारु = सुंदर
- किरीट = मुकुट
- बाँकी = तिरछी / टेढ़ी / चंचल
- छिटकी = छिटकना / फैलना / बिखरना
- रतिनायक = कामदेव
- आँकी = आँकना / मापना / समझना
- श्रुति = वेद
- रसो वै सः = वह (परब्रह्म) निश्चय ही रस स्वरुप है
- प्रतिमूर्ति = नकल / प्रति / वैसी ही
- इहाँ = यहाँ
- निरखी = देखी
- ब्रजराज = कृष्ण जी
हरि-राधा खड़े गलबैयाँ दिए, मिली चन्द्रिका चारु किरीट से बाँकी,
हरेकृष्ण अपूर्व छटा छिटकी, रतिनायक से न गई छवि आँकी।
श्रुति में 'रसो वै सः' जिसे कहते, वह जानि पड़ी प्रतिमूर्ति इहाँ की,
नर जीवन धन्य वही जिसने निरखी ब्रज में ब्रजराज की झाँकी॥




प्रतिक्रियाएँ