अति ही कोमल और करुणा की सागर हमारी राधारानी से उनके भक्त एक क्षण का विछोह नहीं सह सकते। तो उनकी इच्छा होती है कि इस कलिकाल में हम जैसे पापी जो कभी-कभी ही भक्ति के रास का आस्वादन कर पाते हैं और अधिकांशतया तो अपनी दैनिक वृत्तियों में ही डूबे रहते हैं, हमें आपके स्वरुप के न सही किन्तु आपके धाम बरसाने के तो दर्शन मिलते रहें। बरसाना, जहाँ आपका श्यामसुन्दर के साथ नित्य विहार है। बरसाना, जहाँ श्री जी सरकार वृषभानु जी के महल में आज भी निवास करती हैं और बरसाना जहाँ की रज का कण-कण आपके ही गुण गाता है, जहाँ जाकर अभक्त भी भक्तिरस में डूब जाता है, जहाँ संसारी विरक्त हो जाता है। किन्तु हे लली वह बरसाना भी पहुँचने में दूर लगता है और आपके आदेश और कृपा के बिना वहाँ प्रवेश संभव ही नहीं है। तो हे करुणामय देवी कृपा कीजिये और कुछ ऐसी व्यवस्था बनाइये कि बारम्बार आपके धाम में आना होता रहे।

आप बसो बरसाने अलि, वृषभानु लली सुध मेरी बिसारी,

हे वृषभानु लली आप तो इतनी दूर बरसाने में रहती हैं और ऐसा लगता है कि आप मेरी याद ही भुला चुकी हैं।

कोमल चित्त दीनन के हित, नित्य करूं मैं यह बान तिहारी,

किन्तु मुझ जैसे भक्ति में दीन (गरीब) जिसे ठीक से पूजा-भक्ति भी नहीं आती है… ऐसे दीन के लिए भी आपका हृदय कोमल ही रहता है, कठोर नहीं होता… मैं तो नित्य ही आपके इस गुण (बान) को याद रखती हूँ।

कान दिए सुनिए मम स्वामिनी दासी की आस पुजावन हारी,

इसीलिए हे मेरी स्वामिनी, हे पूजन के योग्य एकमात्र देवी, अब कान लगाकर ध्यान से मुझ दासी की आस (आशा/अरज) सुनिए ―

राधे मोहि देहो बृज डोला करूं, तेरो नाम जपूं नित श्यामा प्यारी॥

हे मेरी राधे मुझे अपने ब्रजमण्डल में प्रवेश दिलाइये। मैं वहाँ आपके पास आ पाऊं और हे वृषभानु दुलारी मैं तेरा ही नाम जपती रहूँ। बस यही मेरी आस और पुकार है। इसे स्वीकार करो स्वामिनी।

  • सुध =याद, सुधि
  • बान= स्वभाव, गुण
  • पुजावनहारी = पूजन करने योग्य
वृषभानु लली सुध मेरी बिसारी, बरसाना, बरसाना धाम, श्री जी | गोविन्द रस कुंज जयपुर

0
प्रतिक्रियाएँ

प्रतिक्रिया दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

नवीन रचनाएँ