मङ्गलाचरण के इस दूसरे पद में सभी देवी-देवताओं से प्रार्थना करने के बाद, अब अपनी करुणामयी माँ जगदम्बा से सरस भक्ति दान की प्रार्थना की गई है। गोपियों का भी प्रसंग आता है कि उन्होंने कृष्ण प्रेम प्राप्त करने के लिए माँ कत्यायिनी की संयुक्त रूप से प्रार्थना की थी, जिसके पश्चात् उन्हें महारास में कृष्ण सानिध्य और उनकी विशुद्ध भक्ति की प्राप्ति हुई। वे सभी कृष्ण में एकाकार हुईं। इस प्रसंग से भी स्पष्ट है कि सभी को पूज लिया पर माँ के आशीर्वाद के बिना जीवन सफल नहीं हो सकता।
जय हो गिरिराज सुता जननी, पदकंज में सादर सीस नवाऊँ,
हे आदिशक्ति जगतजननी करुणामयी माता! आपने तो कठोर से भी अति कठोर पर्वत हिमालय की पुत्री होना स्वीकार कर, उसे द्रवित कर दिया, ऐसी शक्तिस्वरूपा माता आप की सदा जय हो (आपकी कीर्ति सदा बनी रहे और आप सदैव साथ रहें)। आपके कमलदल के समान कोमल चरणों में आदर सहित मैं अपना शीश झुका कर अपनी बुद्धि की पराजय स्वीकार करता हूँ कि मैं आपको और आपकी माया को समझ ही नहीं सकता।
वरदायिनी शम्भुप्रिया सुखदा, विनती करके कर जोड़ मनाऊँ,
आप तो ममतामयी, समस्त सुखों की दात्री, भोलेभंडारी को भी संतुष्ट करने वाली उनकी प्रिया, वरदात्री (मनोवांछित पूरा करने वाली) हैं, मैं और तो क्या ही कर सकता हूँ, सो दौनों हाथ जोड़कर, आपके सामने नतमस्तक होकर आपको मेरा निवेदन (विनती) सुनने के लिए मनाता हूँ।
तुम व्यापक विश्व चराचर में, सब जानती, क्या हिय बात बताऊँ,
आप इस समस्त विश्व की जड़ और चेतना में समाई हुई हैं, तो ऐसा क्या मेरे मन में हो सकता है, जो आपसे छुपा हो, आप तो सब जानती हैं, फिर हृदय की बात मुख से क्या और कैसे बोलूँ।
जगदम्बा तुम्हारी कृपा यदि हो, निज नीरस जीवन धन्य बनाऊँ॥
हे माता, जगदम्बा! बस इतना ही कहुँगा कि मेरा ये पापों के पहाड़ से लिप्त मन, जो अब भक्ति के रस से दूर, नीरस और कठोर हो गया है… उस पर अगर आपकी कृपादृष्टि हो जाये तो वहाँ भी भक्ति का अंकुर फूट पड़े और मेरा जीवन भी कुछ सार्थक और धन्य हो पाए।
- गिरिराज = पहाड़ों के राजा, सबसे बड़ा पहाड़, हिमालय
- सुता = पुत्री
- कंज = कमल
- करजोड़ = हाथ जोड़कर
- व्यापक = व्याप्त/ फैली हुईं
- चराचर = चर और अचर / चैतन्य और जड़ अर्थात प्रकृति भी तुम और उसमें व्याप्त आदिशक्ति रूप प्राण भी तुम
- हिय = हृदय / मन
- नीरस = रसहीन, निरुद्देशीय, सारहीन, भक्तिहीन
जय हो गिरिराज सुता जननी, पदकंज में सादर सीस नवाऊँ,
वरदायिनी शम्भुप्रिया सुखदा, विनती करके कर जोड़ मनाऊँ,
तुम व्यापक विश्व चराचर में, सब जानती, क्या हिय बात बताऊँ,
जगदम्बा तुम्हारी कृपा यदि हो, निज नीरस जीवन धन्य बनाऊँ॥





प्रतिक्रियाएँ