मङ्गलाचरण किसी भी लेखन के प्रारम्भ का छंद या सवैये होता है। यह सबसे पहले बोला और लिखा जाता है और इसमें विभिन्न देवी-देवताओं से कार्य के निर्विघ्न सम्पन्न होने के लिए प्रार्थना की जाती है। प्रत्येक मङ्गलाचरण अपने आप में अनूठा होता है और बहुत गूढ़ार्थ लिए होता है। किन देवताओं को सम्मिलित किया गया और किस प्रकार कार्य के निष्पादन के लिए सम्मिलित किया गया, क्या प्रार्थना की गई, क्या माँगा। ये सभी बहुत महत्त्वपूर्ण होता है। फिर प्रथम पद होने के कारण छाप तो बनती ही है की आगे लिखे या कहे जाने वाले पद कैसे होंगे।
गणनायक विघ्न विनाश करें, करें बुद्धि प्रकाश सरस्वती माता,
समस्त गणों के नायक गणेश जी महाराज विघ्नों को दूर करें और सरस्वती माता हमारी बुद्धि का विकास कर वो विशिष्ट बुद्धि प्रदान करें कि हम उस रस माधुरी का उसी विशुद्ध रूप में पान कर पाएं, जिस रूप में महान कवियों ने, संतों ने, महात्माओं ने उसे गाया है, उसका बखान किया है।
गुरुदेव सहायक संतत हों, बल दें बजरंगी बली बलदाता,
केवल इतना ही नहीं, हमारे ऊपर हमारे गुरुओं की विशेष कृपा बनी रहे कि हम विषय की गंभीरता को समझ सकें और बजरंगबली जो इस कलियुग के साक्षात जागृत देव हैं, वे बलदाता हनुमान जी भी बल रूप में भक्ति को समझने की शक्ति हमें प्रदान करें।
प्रलयंकर शंकर कष्ट हरें, प्रति रोम में राम रमें भवत्राता,
प्रलयद्वारा समस्त आसुरी शक्तियों का विनाश करने वाले और धर्म की पुनर्स्थापना करने वाले शंकर हमारे में व्याप्त असुर रूप मानसिक और शारीरिक कष्टों/दुःखों का हरण कर मन को एकाग्र करने में सहायक हों। और जिस राम का नाम लेते ही रोम-रोम में हर्ष की हिलोर उठ जाती है, मन शांति और भक्ति के रस में डूब जाता है, वे संसार के त्रास मिटाने वाले और भक्ति बढ़ाने वाले भगवान राम प्रत्येक रोमकूप को उसी भक्ति के रस से भर दें।
अहो प्राणों के प्राण हमारे बनें, ब्रज सुन्दर राधा के भाग्य विधाता॥
और तब संसार में वर्तमान में भक्ति के एकमात्र उपलब्ध प्रदेश, ब्रजमंडल की अधिष्ठात्री श्री राधा जी के परम पूज्य स्वामी जो सबके मन को अपनी ओर आकर्षित कर श्री कृष्ण कहलाते हैं, वे हमारे भी चित्त का हरण कर लें। वे ऐसे हो जाएं कि जिस प्रकार प्राणों के प्रवाह के एक क्षण रुकने पर मनुष्य छटपटा जाता है, वैसे ही जब तक जियें, उनसे मिलने की छटपटाहट बनी रहे और जब प्राण निकलें तो उन्हीं के नाम के साथ, उन्हीं अनंत प्राणों में सदा सर्वदा के लिए लीन हो जाएं।
- गण = जीव या सृष्टि में व्याप्त समस्त चेतन तत्व। जैसे मनुष्यगण/देवगण/प्रेतगण आदि।
- गणनायक = समस्त जीवों के अधिष्ठाता भगवान श्री गणेश जी
- सन्तत = निरन्तर
- रोम = त्वचा के ऊपर स्थित बाल
- भवत्राता = संसार के त्रास के /दुःख के निवारक
गणनायक विघ्न विनाश करें, करें बुद्धि प्रकाश सरस्वती माता,
गुरुदेव सहायक संतत हों, बल दें बजरंगी बली बलदाता,
प्रलयंकर शंकर कष्ट हरें, प्रति रोम में राम रमें भवत्राता,
अहो प्राणों के प्राण हमारे बनें, ब्रज सुन्दर राधा के भाग्य विधाता॥





प्रतिक्रियाएँ