रतिकाल के कवि आचार्य देव द्वारा रचित यह रचना कृष्ण प्रेम में डूबीं श्री राधा जी की प्रेमास्पद से मिलन की तीव्र उत्कण्ठा को प्रदर्शित करती है।

सुन्दर मूरति मोहन की, मनमोहिनी के हिय में हिरकी सी,

मनमोहन की अति मन-भावनी छवि श्री राधा जी, जो स्वयं मनमोहिनी हैं, उनके हृदय (हिय) में मानो अटक गई है / समा गई है (हिरकी)।

द्वार पे श्याम को बोल सुन्यो, भई सीतल छाती सुधा छिरकी सी,

और जब उन्होंने द्वार पर श्यामसुन्दर की वाणी सुनी, तो उन मधुर वचनों और व्यंग्य कटाक्ष युक्त साँवरे के कोयल से भी मीठे बोल सुनकर ऐसा लगा कि मानो किसी ने उस विरह वेदना से जलती हुई छाती पर अमृत (सुधा) का छिड़काव (छिरकी) कर उसकी सारी जलन और तपन मिटा दी हो, उस हृदय को नव-जीवन दे दिया हो। देह में उस अमृत ने मानो नए प्राण ही फूँक दिए हों।

ऊँची अटा नहीं बोल सकीं, अरु नैनन लाज घटा घिरकी सी,

अब जब उनसे मिलन की तड़प बढ़ गई, तो भाग कर ऊपर बनी अट्टालिका (अटा / खिड़की) से उन्हें देखा। मन तो किया कि यहीं से उन्हें पुकार कर बता दें कि उनकी प्रिय राधा यहाँ है। लेकिन एक तो वो अट्टालिका (अटा) बहुत ऊँची, सो धीरे से बोलने से आवाज नहीं पहुँचेगी और ज़ोर से बोला तो महल में सबको भनक लग जाएगी, सो लज्जा वश प्यारी जू की पलकों ने उनके नेत्रों को ऐसे आधा बन्द कर दिया मानो लज्जा (लाज) के बादलों (घटा) ने नेत्रों को घेर लिया हो।

पूरन प्रीति के रंग रंगीं खिरकी-खिरकी पे फिरै फिरकी सी॥

वो कृष्ण-प्रेम में इतनी डूब गईं कि जैसे-जैसे श्यामसुन्दर आगे बढ़ते, वैसे-वैसे वो भी एक खड़की से दूसरी खिड़की पर उन्हें देखने के लिए भाग कर पहुँच जातीं, कि श्यामसुन्दर की कोई भी अदा वो देखने से चूक न जाएँ।

  • हिय = हृदय
  • हिरकी = अटक गई
  • सुधा = अमृत
  • छिरकी = छिड़कना
  • अटा = अट्टालिका / खिड़की
  • लाज = लज्जा / शर्म
  • घटा = बादल
  • पूरन = पूर्ण
  • प्रीति = प्रेम
  • फिरकी = तेज गति से गोल-गोल घूमने वाला खिलौना
सुन्दर मूरति मोहन की, राधा प्रेम, राधा कृष्ण प्रेम, श्यामसुन्दर प्रेम, मोहन प्रेम, मनमोहिनी प्रेम, प्रेम पद, रति पद, आचार्य देव पद, पद संग्रह, राधा गोविन्द पद, ब्रज रस, गोविन्द देव जी मन्दिर, गोविन्द रस कुंज जयपुर द्वारा

0
प्रतिक्रियाएँ

प्रतिक्रिया दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

नवीन रचनाएँ