इस पद में गोपियों की विरह-वेदना का चित्रण है। गोविन्द जिन्हें पूर्ण रूप से पा लेना, जो देव दुर्लभ है, उन्हें भी गोपियों ने अपने निश्छल प्रेम से बाँध लिया। लेकिन इतनी आसानी से नहीं। अनेकों जन्मों के तप के समस्त पुण्यों को भी त्याग देने के बाद केवल एक कृष्ण नाम और कृष्ण दर्शन की अभिलाषा लिए गोपियों रूप में जन्मे तपस्वी, इस जन्म में भी माँ कात्यायिनी की आशीर्वाद से उन्हें पति रूप में पूर्ण रूप में पाने के लिए महारास में प्रवेश तो पा लिया किन्तु जो कुछ अभिमान बचा था, उसके कारण पाकर भी उनके कटु वचन सुने और खो भी दिया। पर विरह वेदना एक ऐसी पीड़ा जो प्रियतम के शिव स्वयं का भान भी भुला दे, उसी के द्वारा उस अहम् से भी मुक्त हो वे उनके साथ एकाकार हो पायीं।
पहले कुछ प्रेम बढ़ा करके फिर दूर खड़े मुस्काने लगे,
हे प्रभुजी! आप पहले तो अपने रूपमधुर्य के जाल में फँसाये। हम सीधी सादी गोपियों के हृदय में प्रविष्ट हो गए, फिर लेकिन हमसे आकर मिलन नहीं किया अपितु दूर से ही अपनी मधुर मुस्कान से आकर्षित कर जाने लगे।
जब चाह हुई मिलने की जरा तब आनन चन्द्र छिपाने लगे,
उसने हमारी मिलन की इच्छा को और तीव्र कर दिया। लेकिन तब आपने अति निष्ठुरता दिखाते हुए उस महारास की महामिलन वाली रात्रि में स्वयं को रास से अदृश्य कर लिया और अपने चंद्र जैसे मुख (आनन) को छिपा लिया।
छिप नैन कटाक्ष चला करिके घन घाव हिय पे लगाने लगे,
और तब भी हम अबलाओं पर दया नहीं आई, आपके वो तीखे नेत्रों के बाण हमें याद आते रहे। जिन्होंने हमारे प्रेम में डूबे हृदय को गहरे काले बादलों के समान ढक लिया, मानो हृदय पर बहुत बोझ, पीड़ा, घाव कर दिए हों। वो पूर्णिमा का चंद्रमा, वो श्यामवर्णी बादल, वो वन के टेढ़ेमेढ़े वृक्ष, सबको देख कर ऐसा लगता है कि मानो आप यहीं हैं, किंतु आपके नहीं मिलने पर हमारा हृदय घायल हो जाता है, मानो आपने अपने नैनों से ही तीर चलाया हो।
विष अमृत घूंट पिलाने लगे करुणानिधि हो के सताने लगे॥
कभी तो आप ऐसा लगता है सदा के लिए हमारे ही हैं तो कभी लगता है अब हम आपको दुबारा कभी देख भी नहीं पाएँगी। हे करुणा के सागर! आप हमें ऐसे क्यों परेशान कर रहे हैं? कभी छोड़ कर जाते हैं तो लगता है कि किसीने विष दिया हो और कभी दिखाई पड़ते हैं तो लगता है, सदा साथ रहने का वादा है। अब हमें और न सताइये प्रभुजी। दर्शन दीजिये। दर्शन दीजिये। दर्शन दीजिये।
- चाह = इच्छा
- आनन चन्द्र = चन्द्रमा जैसा सुन्दर मुख
- कटाक्ष = तीर
- घन = बादलों के समान गहरे
- हिय = हृदय
पहले कुछ प्रेम बढ़ा करके फिर दूर खड़े मुस्काने लगे,
जब चाह हुई मिलने की जरा तब आनन चन्द्र छिपाने लगे,
छिप नैन कटाक्ष चला करिके घन घाव हिय पे लगाने लगे,
विष अमृत घूंट पिलाने लगे करुणानिधि हो के सताने लगे॥




प्रतिक्रियाएँ